देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

वृंदावन दर्शन को निकला भिंड का परिवार हादसे का शिकार, 2 बच्चों और 2 महिलाओं समेत 4 की मौत

मथुरा। वृंदावन में दर्शन और घूमने की उम्मीद लेकर निकले मध्य प्रदेश के भिंड जिले के एक परिवार की यात्रा सोमवार सुबह दर्दनाक हादसे में बदल गई। मथुरा में नेशनल हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे में 2 बच्चों और 2 महिलाओं समेत 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं।

दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे थाना जैत क्षेत्र में राम धर्म कांटा के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान रुद्र (4), कान्हा (10), रूबी (32) और ज्योति (30) के रूप में हुई है। घायलों में आशा, देवाशीष, गिरजा, पलक और गौरी शामिल हैं।

बरसाना से रमणरेती जा रहा था परिवार

पुलिस के अनुसार, भिंड निवासी देवाशीष अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ मथुरा घूमने आए थे। कार (MP30 ZJ 2690) में कुल 9 लोग सवार थे। सोमवार सुबह सभी बरसाना से रमणरेती की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार ग्वालियर से डस्ट लेकर आ रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई।

हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। वृंदावन दर्शन के लिए निकले परिवार के लिए यह सफर अपनों को खोने का असहनीय दुख छोड़ गया।

Author

Related Articles

Back to top button