दोस्त की शादी में शामिल होने जा रहा सेना का जवान हादसे का शिकार, दो भाइयों समेत 3 की मौत

अनूपपुर। दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहे भारतीय सेना के जवान की रास्ते में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। सोमवार तड़के छूलहा गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में जवान सहित 3 लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान दीनबंधु विश्वकर्मा (36), उनके छोटे भाई विनीत विश्वकर्मा (26) और बोलेरो मालिक मोहम्मद करीम (32) के रूप में हुई है। विनीत भारतीय सेना में जवान थे, जबकि करीम जैतहरी में टायर रिपेयरिंग की दुकान चलाते थे। हादसे में धनगवां निवासी राजू तिवारी (30) गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
दुर्घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव के पास सोमवार सुबह करीब 4 बजे हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो सवार सभी लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल राजू तिवारी को मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया गया।
दोस्त की शादी के लिए छुट्टी लेकर लौट रहे थे विनीत
विनीत विश्वकर्मा अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहे थे। शादी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होनी थी। उनके पिता जयकरण विश्वकर्मा लोहारी का काम करते हैं। परिवार का सबसे बड़ा बेटा कियोस्क सेंटर संचालित करता है, जबकि दीनबंधु पंचायत में सेल्समैन थे।
बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला था बोलेरो मालिक
हादसे में जान गंवाने वाले मोहम्मद करीम का परिवार मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला था। करीम जैतहरी में टायर रिपेयरिंग की दुकान चलाते थे। उनके परिवार में 2 भाई और 4 बहनें हैं। उनकी शादी नहीं हुई थी। हादसे के समय उनके पिता शादी समारोह में शामिल होने के लिए बिहार गए हुए थे।
एक शादी में शामिल होने की तैयारी के बीच हुआ यह हादसा दो भाइयों और उनके साथ सफर कर रहे बोलेरो मालिक की जिंदगी छीन ले गया। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।













