तेज रफ्तार कार की टक्कर से दंपति की मौत, बीजेपी पार्षद के बेटे पर कार चलाने का आरोप

माजलगांव/पुणे। महाराष्ट्र के बीड़ जिले के माजलगांव में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दंपति की मौत हो गई। आरोप है कि कार माजलगांव नगर परिषद के बीजेपी पार्षद दीपक मेंडके का बेटा दक्ष मेंडके चला रहा था। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर दिखाई दे रही है।
घटना 20 नवंबर की दोपहर गढ़ी रोड पर पेट्रोल पंप के पास हुई। जानकारी के अनुसार, दक्ष मेंडके तेज रफ्तार से कार चला रहा था। इसी दौरान कार सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। बाइक पर प्रह्लाद गायकवाड़ और उनकी पत्नी सुनीता गायकवाड़ सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दंपति उछलकर सड़क पर जा गिरे। प्रह्लाद गायकवाड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सुनीता को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुणे-अहिल्यानगर हाईवे पर भी तीन युवकों की मौत
महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों के दौरान सामने आए अन्य सड़क हादसों में पुणे-अहिल्यानगर हाईवे पर हुई दुर्घटना भी शामिल है। वाघोली इलाके में विठ्ठलवाड़ी कमान के पास देर रात करीब 1:25 बजे तेज रफ्तार फॉक्सवैगन पोलो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर पलट गई। इसके बाद करीब 60 से 70 मीटर आगे जाकर कार पुणे की ओर जाने वाली लेन में खड़े ट्रक से टकरा गई।
इस हादसे में ओमकार अजय सूर्यवंशी (24), शंकर वासुदेव ढोले (22) और मयूर सतीश औटी (26/27) की मौत हो गई। तीनों वाघोली के फूलमाला रोड इलाके के निवासी थे। दुर्घटना में आशुतोष नंदकुमार मरकड (28) और प्रणय भरत शिंदे (24) घायल हुए। दोनों को वाघोली के आई मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के मुताबिक, दोनों घायल होश में थे।
सूचना मिलने पर वाघोली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को फिर उजागर किया है।













