खूंटी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 4 लोगों की मौत; एक घायल

खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में शनिवार रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसा रनिया थाना क्षेत्र के रनिया-मार्चा रोड पर तुरीगढ़ा गांव के पास हुआ। दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घायल का उपचार जारी है।
तुरीगढ़ा गांव के पास हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर 3 लोग सवार होकर रनिया की ओर से आ रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर 2 लोग मार्चा की तरफ से जा रहे थे। तुरीगढ़ा गांव के पास दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि सभी बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
रनिया थाना प्रभारी श्यामलाल कुंभकार ने बताया कि 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक घायल ने तोरपा अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य की रांची ले जाते समय मौत हो गई। हादसे में घायल एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खराब मौसम और कम दृश्यता की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना के समय खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण दोनों मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। मृतकों में बनबीरा नवाटोली गांव निवासी हेमंत बहादुर (21) और विश्व सिंह (17) की पहचान हुई है। दोनों रनिया थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। अन्य 2 मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार किसी भी व्यक्ति ने हेलमेट नहीं पहना था। शवों को पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।













