देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

केबीसी के सवाल पर पंजाब में विवाद, अमिताभ बच्चन और सोनी टीवी को कानूनी नोटिस

 

संगरूर। टीवी क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) में पंजाब को लेकर पूछे गए एक सवाल पर विवाद खड़ा हो गया है। सवाल में पंजाब को अपराध और पुलिस थानों पर बम धमाकों से जोड़ने पर आपत्ति जताते हुए संगरूर के एक वकील ने अभिनेता अमिताभ बच्चन और सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में पंजाब के लोगों से सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने और विवादित सवाल से जुड़ी वीडियो क्लिप हटाने की मांग की गई है।

नोटिस में मांगें पूरी करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। ऐसा नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

12.50 लाख रुपये के सवाल पर आपत्ति

यह नोटिस रंजीत सिंह की ओर से एडवोकेट इंदरजीत अरोड़ा ने भेजा है। इसे केबीसी के होस्ट अमिताभ बच्चन, एबी कॉर्प लिमिटेड और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ को संबोधित किया गया है।

एडवोकेट इंदरजीत अरोड़ा ने आईएएनएस को बताया कि उनके मुवक्किल ने शो से संबंधित कुछ स्क्रीनशॉट और वीडियो क्लिप उपलब्ध कराए थे। इनमें 12 लाख 50 हजार रुपये के सवाल के रूप में पूछा गया था—‘हाल ही में किस राज्य में अपराधी पुलिस थानों पर बम धमाके करने से नहीं डरते?’

पंजाब की छवि और लोगों की भावनाओं का मुद्दा उठाया

वकील के अनुसार, सवाल के जरिए पंजाब को अपराध से जोड़कर प्रस्तुत किया गया, जिससे राज्य की छवि और वहां के लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं। उनका कहना है कि किसी राज्य को इस तरह अपराध के संदर्भ में प्रस्तुत करना उचित नहीं है।

नोटिस में विवादित सवाल और उससे संबंधित वीडियो को नेशनल मीडिया तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने, पंजाब के लोगों से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने और पूरे मामले में स्पष्टीकरण देने की मांग की गई है।

वीडियो की प्रामाणिकता पर भी सवाल

एडवोकेट अरोड़ा ने वीडियो की प्रामाणिकता को लेकर भी आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि संभव है कि वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से तैयार किया गया हो। यदि जांच में ऐसा सामने आता है, तो वीडियो बनाने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वर्ष 2000 से प्रसारित हो रहा है शो

‘कौन बनेगा करोड़पति’ की शुरुआत वर्ष 2000 में हुई थी। यह ब्रिटिश क्विज शो ‘हू वॉन्ट्स टू बी अ मिलियनेयर?’ का भारतीय संस्करण है। अमिताभ बच्चन लंबे समय से इस कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे हैं। शो में सामान्य ज्ञान सहित विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे जाते हैं और सही जवाब देकर प्रतिभागियों को निर्धारित इनामी राशि जीतने का मौका मिलता है।

Author

Related Articles

Back to top button