कर्मभूमि एक्सप्रेस पर पथराव, आंख के ऊपर पत्थर लगने से यात्री घायल

सतना। कटनी से रवाना होने के कुछ देर बाद रविवार को कर्मभूमि एक्सप्रेस पर आउटर क्षेत्र में पथराव हो गया। इस दौरान जनरल कोच में सफर कर रहे 50 वर्षीय यात्री प्रमोद पासवान पत्थर लगने से घायल हो गए। पत्थर उनकी आंख के ऊपर लगा, जिससे माथे के पास गहरा घाव हो गया। ट्रेन के सतना स्टेशन पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और वाणिज्य विभाग की टीम ने उन्हें उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, बिहार के सीतामढ़ी निवासी प्रमोद पासवान, पिता रामस्वार्थ पासवान, एलटीटी से रक्सौल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे। कटनी से ट्रेन रवाना होने के कुछ देर बाद आउटर क्षेत्र में अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। इसी दौरान एक पत्थर प्रमोद की आंख के ऊपर लगा और वे घायल हो गए।
सतना स्टेशन पर अस्पताल पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलने पर सतना स्टेशन पर आरपीएफ और वाणिज्य विभाग के अधिकारियों ने घायल यात्री को ट्रेन से उतारा। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पथराव करने वालों की तलाश जारी
घटना के बाद कटनी आरपीएफ ने आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है और पथराव करने वालों की तलाश की जा रही है। हालांकि, घायल यात्री यह स्पष्ट नहीं बता सके कि उन्हें किस वस्तु से चोट लगी थी।













