देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

एशिया की तीसरी सबसे ताकतवर शक्ति बना भारत, प्रभावशाली नेताओं में पीएम मोदी दूसरे स्थान पर

नई दिल्ली। एशिया में भारत की सामरिक, आर्थिक और कूटनीतिक स्थिति मजबूत हुई है। ऑस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टीट्यूट की 2026 एशिया पावर इंडेक्स रिपोर्ट में भारत को एशिया का तीसरा सबसे शक्तिशाली देश बताया गया है। इस सूची में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर है। वहीं, एशिया के प्रभावशाली नेताओं की रैंकिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दूसरा स्थान हासिल किया है। उनसे आगे केवल चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग हैं।

लोवी इंस्टीट्यूट की इस रिपोर्ट में एशिया के 27 देशों और क्षेत्रों की आर्थिक, सैन्य, कूटनीतिक और रणनीतिक ताकत का आकलन किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का ओवरऑल पावर स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया है। भारत और चीन के बीच शक्ति का अंतर 2018 के बाद सबसे कम स्तर पर पहुंचा है। हालांकि, चीन की समग्र शक्ति अब भी भारत से करीब 80 प्रतिशत अधिक बताई गई है।

कूटनीतिक प्रभाव में भारत का बेहतर प्रदर्शन

रिपोर्ट में कूटनीतिक प्रभाव के मामले में भारत को 70.3 अंक मिले हैं। भविष्य के संसाधनों के मामले में भारत का स्कोर 56.2 अंक और आर्थिक क्षमता का स्कोर 26.4 अंक रहा। रिपोर्ट के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय संबंधों, रक्षा सहयोग और व्यापारिक साझेदारी में विस्तार से भारत की क्षेत्रीय स्थिति मजबूत हुई है।

दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ बढ़ते रक्षा संबंध और ब्रह्मोस मिसाइलों के निर्यात को भारत की सैन्य पहुंच बढ़ने की प्रमुख वजहों में शामिल किया गया है। इसके अलावा भारतीय संस्कृति, मीडिया, लोगों के बीच संपर्क और सूचना के आदान-प्रदान से भी क्षेत्र में भारत का प्रभाव बढ़ा है।

अमेरिका और चीन शीर्ष दो स्थानों पर

एशिया पावर इंडेक्स में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर कायम हैं। आर्थिक और सैन्य क्षमताओं के लिहाज से चीन अब भी भारत से आगे है, लेकिन दोनों देशों के बीच शक्ति का अंतर कम हुआ है।

इस इंडेक्स में आर्थिक क्षमता, सैन्य ताकत, रक्षा नेटवर्क, कूटनीतिक प्रभाव, आर्थिक संबंध और भविष्य के संसाधनों सहित 8 मानकों के आधार पर देशों का मूल्यांकन किया जाता है। रिपोर्ट के निष्कर्षों के अनुसार, भारत आर्थिक विकास के साथ रक्षा, कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के जरिए एशिया में अपना प्रभाव बढ़ा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button