बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

वैढ़न–बीजपुर मार्ग बदहाल, गड्ढों के बीच जोखिम भरा सफर करने को मजबूर राहगीर

मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता जर्जर, लंबे समय से मरम्मत की मांग के बावजूद नहीं सुधरे हालात

सिंगरौली। वैढ़न–बीजपुर मार्ग की हालत लगातार बदतर होती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे और उखड़ी सतह के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना सैकड़ों वाहनों की आवाजाही वाले इस मार्ग पर लोगों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से मरम्मत की मांग उठने के बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।

यह मार्ग सिंगरौली के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने के साथ उत्तर प्रदेश के बीजपुर-सोनभद्र और छत्तीसगढ़ के सरगुजा अंचल तक आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इसी मार्ग से स्कूली वाहन, एंबुलेंस, गैस वाहन, कचरा संग्रहण वाहन सहित निजी और व्यावसायिक वाहनों का नियमित आवागमन होता है।

दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को अधिक परेशानी
सड़क पर बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त सतह के कारण वाहन चालकों को संभलकर चलना पड़ता है। दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों के लिए सफर अधिक जोखिमपूर्ण बना हुआ है। वहीं, आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस के आवागमन में भी सड़क की खराब हालत बाधा बन सकती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन मरम्मत नहीं होने से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। अंतरराज्यीय संपर्क और जिला मुख्यालय के महत्वपूर्ण मार्ग होने के बावजूद इसकी बदहाली जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।

हादसे की आशंका, जल्द मरम्मत की मांग
रहवासियों ने आशंका जताई है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। लोगों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से मार्ग का निरीक्षण कर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके और रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।

Author

Related Articles

Back to top button