मध्य प्रदेशसिंगरौली

छुई निकालते समय मिट्टी धंसी, दो बालिकाओं समेत तीन की मौत

जियावन। जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी कुंदवार के ग्राम परसोहर में रविवार को छुई निकालने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी धंसने से पांच लोग दब गए, जिसमें दो बालिकाओं सहित तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रविवार करीब 11:21 बजे उस समय हुई, जब महिलाएं और बालिकाएं खुरपी लेकर छुई निकालने गई थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और सभी उसके नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों, सरपंच परसोहर और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

मौके से दो महिलाओं को बेहोशी की हालत में, जबकि दो बालिकाओं और एक महिला को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया। सूचना पर चौकी कुंदवार और थाना जियावन पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए जेसीबी मशीन की मदद से समन्वित रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया गया। घायलों की पहचान कौशल्या सिंह (50) पत्नी ज्ञान सिंह गोंड, निवासी ग्राम परसोहर और सकमुनी सिंह (45) पत्नी/पिता जगभवन सिंह, निवासी चंद्रेह के रूप में हुई है।

मृतकों में प्रीति सिंह (10) पिता मान सिंह और बसंती (16) पिता तिलकधारी, दोनों निवासी ग्राम हरहवा, तथा फूलमती यादव (50) पिता राममिलन यादव, निवासी बंधा शामिल हैं। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Author

Related Articles

Back to top button