वैढ़न में दिन-रात दौड़ रहे ट्रैक्टर, नियमों की अनदेखी से राहगीर परेशान
बिना ढंके मिट्टी और खनिज सामग्री के परिवहन का आरोप, सड़कों पर फैल रही मिट्टी से दुर्घटनाओं का खतरा

सिंगरौली। कोतवाली वैढ़न थाना क्षेत्र की सड़कों पर दिन-रात दौड़ रहे ट्रैक्टरों से सामग्री परिवहन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कई ट्रैक्टरों के जरिए मिट्टी सहित अन्य खनिज सामग्री का परिवहन निर्धारित नियमों की अनदेखी करते हुए किया जा रहा है। कुछ वाहन बिना ढंके ही सामग्री लेकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे रास्तों पर मिट्टी फैल रही है और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़कों पर फैली मिट्टी से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। वहीं, वाहनों के गुजरने से उड़ने वाली धूल के कारण आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण की समस्या भी बढ़ रही है।इस स्थिति को लेकर खनिज विभाग और यातायात पुलिस की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि आखिर इन ट्रैक्टरों के संचालन और परिवहन पर निगरानी की जिम्मेदारी किसकी है और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।यदि परिवहन के दौरान निर्धारित मापदंडों का उल्लंघन हो रहा है तो संबंधित विभागों की ओर से कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? फिलहाल सड़कों पर मिट्टी फैलने से आम लोगों की परेशानी बनी हुई है।













