स्वच्छता अभियान में उत्तर मध्य रेलवे देशभर में अव्वल, पश्चिम मध्य रेलवे को मिला तीसरा स्थान

जबलपुर। भारतीय रेलवे की स्वच्छता पखवाड़ा-2026 की जारी रिपोर्ट में उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर) ने तीसरे स्थान पर जगह बनाई है। खास बात यह है कि देश के सभी 18 जोनल रेलवे ने स्वच्छता अभियान के निर्धारित लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन किया है।
रेलवे की ओर से 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान और 1 से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया गया। इस दौरान रेलवे परिसरों और उनके आसपास मौजूद उपेक्षित एवं गंदे स्थानों को साफ-सुथरा बनाकर उपयोगी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
जारी रिपोर्ट के अनुसार, सभी 18 जोनल रेलवे ने संयुक्त रूप से 1,15,459 क्लीनलीनेस टारगेट यूनिट (सीटीयू) का कायाकल्प किया। यह निर्धारित लक्ष्य का 152.4 प्रतिशत है।
उत्तर मध्य रेलवे ने 3,500 स्थानों के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 13,648 स्थानों का कायाकल्प कर 390 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की और देश में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, दक्षिण पूर्व रेलवे ने 3,100 के लक्ष्य के मुकाबले 7,619 स्थानों को स्वच्छ एवं उपयोगी बनाकर दूसरा स्थान हासिल किया।
पश्चिम मध्य रेलवे ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 2,600 के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 5,467 स्थानों का कायाकल्प किया। यह लक्ष्य का 210 प्रतिशत है। इस उपलब्धि के साथ डब्ल्यूसीआर देशभर में तीसरे स्थान पर रहा।
दूसरी ओर, पूर्व मध्य रेलवे का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा। 6,300 के लक्ष्य के मुकाबले 6,376 स्थानों का कायाकल्प करने के बावजूद उसे 18 जोनल रेलवे की सूची में 17वां स्थान मिला। हालांकि, पूर्व मध्य रेलवे ने भी निर्धारित लक्ष्य से अधिक काम किया।
कुल मिलाकर स्वच्छता पखवाड़ा-2026 की रैंकिंग में उत्तर मध्य रेलवे ने शीर्ष स्थान हासिल कर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई, जबकि पश्चिम मध्य रेलवे का तीसरा स्थान हासिल करना भी उल्लेखनीय रहा।











