क्राइम न्यूज़बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

बिजली सब स्टेशन में ड्यूटी कर रहे कर्मचारी की धारदार हथियार से हत्या, इलाके में सनसनी

 

जबलपुर। जिले के पाटन थाना क्षेत्र में बिजली कंपनी के एक आउटसोर्स कर्मचारी की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। ग्राम ननवारा स्थित बिजली सब स्टेशन में शुक्रवार रात नाइट ड्यूटी कर रहे कर्मचारी पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

 

मृतक की पहचान गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में सब स्टेशन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे गजेंद्र सिंह सब स्टेशन में अपनी ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उस पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

 

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के पहलुओं पर जांच

 

कर्मचारी की मौत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश, आपसी विवाद सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और न ही आरोपियों की पहचान हो पाई है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

 

Author

Related Articles

Back to top button