देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, 11 साल की बच्ची गंभीर

बारामूला। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौत हो गई, जबकि 11 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उरी के गोहल्लन इलाके में हुआ, जहां एक चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है।

 

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय वाहन में कुल 5 लोग सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उप-जिला अस्पताल उरी पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 11 वर्षीय बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज बारामूला रेफर किया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर JK01P-2583 बताया गया है।

 

मृतकों की पहचान 26 वर्षीय सैयद शफीक शाह, उनकी 25 वर्षीय पत्नी रशीदा बानो, 17 वर्षीय दिलनाज फातिमा और 27 वर्षीय शाहिदा फातिमा के रूप में हुई है। हादसे में घायल बच्ची की पहचान 11 वर्षीय मनाज फातिमा के रूप में की गई है।

 

एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गोहल्लन और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वाहन अनियंत्रित होकर कैसे दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

 

Author

Related Articles

Back to top button