45 नर्सिंग कॉलेजों में CHO को फैकल्टी दिखाने का आरोप, हाईकोर्ट ने रजिस्ट्रार को किया तलब

जबलपुर। मध्य प्रदेश में नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता से जुड़े कथित फर्जीवाड़े को लेकर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। प्रदेश के 45 निजी नर्सिंग कॉलेजों में सरकारी विभागों में कार्यरत कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) को फैकल्टी के रूप में दर्शाए जाने के आरोपों पर न्यायालय ने मध्य प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल के रजिस्ट्रार को तलब किया है। मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर को होगी।
न्यायमूर्ति आनंद पाठक और न्यायमूर्ति बीपी शर्मा की युगलपीठ के समक्ष हुई सुनवाई में नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया गया। लॉ स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता विशाल बघेल की ओर से दायर जनहित याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रदेश के कई निजी नर्सिंग कॉलेज निर्धारित आधारभूत सुविधाओं और अनिवार्य मानकों का पालन किए बिना मान्यता प्राप्त कर रहे हैं।
CBI जांच में 695 कॉलेजों की हुई थी पड़ताल
नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता में गड़बड़ी के मामले में हाईकोर्ट पहले ही सीबीआई जांच के निर्देश दे चुका है। जांच के दौरान प्रदेश के 695 नर्सिंग कॉलेजों में से 156 कॉलेज उपयुक्त पाए गए थे। बाद में कमियां दूर करने के बाद 89 अन्य कॉलेजों को भी उपयुक्त श्रेणी में शामिल किया गया। अनुपयुक्त कॉलेजों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को उपयुक्त संस्थानों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए थे।
सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत सिंह ने विद्यार्थियों के स्थानांतरण से संबंधित आंकड़े और कार्यक्रम न्यायालय के सामने प्रस्तुत किए। वहीं, विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा के लिए याचिकाकर्ताओं की ओर से महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए। हाई पावर कमेटी ने भी अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की।
स्थानांतरित विद्यार्थियों से दोबारा नहीं ली जाएगी ट्यूशन फीस
हाईकोर्ट ने विद्यार्थियों को राहत देते हुए स्पष्ट किया कि अनुपयुक्त नर्सिंग कॉलेजों से दूसरे उपयुक्त कॉलेजों में स्थानांतरित होने वाले छात्रों से दोबारा ट्यूशन फीस नहीं वसूली जाएगी। जिन विद्यार्थियों ने पुराने कॉलेज में प्रवेश के समय ट्यूशन फीस जमा कर दी है, उन्हें नए कॉलेज में फिर से यह शुल्क नहीं देना होगा। हालांकि परीक्षा, प्रायोगिक कार्य और आवश्यक निगरानी जैसी व्यवस्थाओं के लिए न्यूनतम शुल्क लिया जा सकेगा।
चार सप्ताह में तैयार होगा प्रवेश व्यवस्था का प्रारूप
युगलपीठ ने मध्य प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल और याचिकाकर्ताओं को चार सप्ताह के भीतर नर्सिंग पाठ्यक्रमों की प्रवेश व्यवस्था का नया प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसमें प्रवेश परीक्षा और मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों को उनकी पसंद के कॉलेज आवंटित करने की व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया है।
परिषद को सभी निजी उपयुक्त नर्सिंग कॉलेजों की बैठक बुलाकर स्थानांतरित विद्यार्थियों की फीस और अन्य खर्चों में एकरूपता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अब 15 दिसंबर को होने वाली सुनवाई में मामले की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।











