महिला आरक्षण के रास्ते की हर बाधा खत्म करके रहेंगे : पीएम मोदी, नारी शक्ति से किया वादा पूरा करने का संकल्प दोहराया

नई दिल्ली। महिला आरक्षण विधेयक को लेकर देश की राजनीतिक गतिविधियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में अधिक भागीदारी दिलाने का संकल्प दोहराया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं से किया गया वादा पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को खत्म करके रहेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि हमने अपनी नारी शक्ति से एक वादा किया था और उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने इसके साथ अपना पुराना वीडियो संदेश भी साझा किया, जिसमें महिला आरक्षण के मुद्दे पर अपनी बात रखी थी।
वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। वे भी लंबे समय से इस दिशा में प्रयास करते रहे हैं। देश की अनेक महिलाओं ने उनसे मुलाकात कर और पत्र लिखकर संसद एवं विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की मांग उठाई है।
उन्होंने कहा कि देश की महिलाओं को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को दूर किया जाएगा। हमारा हौसला बुलंद, हिम्मत अटूट और इरादा अडिग है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में अधिक भागीदारी मिलने से नहीं रोक पाएंगी।
कैबिनेट ने विधेयकों को दी मंजूरी
गौरतलब है कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को मंजूरी दी गई। प्रस्तावित प्रावधानों के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि तथा 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था शामिल है।
अब इन विधेयकों को संसद से पारित कराने की प्रक्रिया और विभिन्न राजनीतिक दलों के रुख पर सबकी नजर रहेगी।











