देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

ATM से मुफ्त लेनदेन खत्म होते ही बैंक भेजेंगे अलर्ट, RBI ने जारी किए नए दिशा-निर्देश

 

नई दिल्ली। एटीएम से नकदी निकालने वाले बैंक ग्राहकों के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब बैंकों को ऐसी व्यवस्था करनी होगी, जिसके तहत ग्राहकों को हर महीने इस्तेमाल किए गए मुफ्त एटीएम लेनदेन की संख्या और मुफ्त सीमा समाप्त होने के बाद लगने वाले शुल्क की जानकारी दी जा सके। इसका उद्देश्य ग्राहकों को अतिरिक्त शुल्क से पहले ही अवगत कराना है।

 

आरबीआई ने एटीएम और पॉइंट ऑफ सेल (POS) टर्मिनलों के माध्यम से नकद निकासी से जुड़े नियमों को एकीकृत करते हुए नया मास्टर डायरेक्शन जारी किया है। इसके साथ ही 2008 से 2022 के बीच जारी 17 पुराने सर्कुलर वापस ले लिए गए हैं। नए दिशा-निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।

 

मुफ्त लेनदेन की सीमा में बदलाव नहीं

 

आरबीआई ने स्पष्ट किया है कि एटीएम से मुफ्त लेनदेन की मौजूदा सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बचत खाता धारकों को अपने बैंक के एटीएम पर हर महीने 5 मुफ्त लेनदेन की सुविधा मिलेगी। इसमें नकदी निकासी के साथ बैलेंस चेक और अन्य गैर-वित्तीय लेनदेन भी शामिल हैं।

 

दूसरे बैंकों के एटीएम पर मेट्रो शहरों में 3 और गैर-मेट्रो शहरों में 5 मुफ्त लेनदेन की सुविधा मिलेगी। हालांकि दोनों श्रेणियों के एटीएम का इस्तेमाल करने पर भी कुल मुफ्त लेनदेन की सीमा 5 ही रहेगी।

 

सीमा खत्म होने पर अधिकतम 23 रुपये शुल्क

 

मुफ्त लेनदेन की निर्धारित सीमा समाप्त होने के बाद प्रत्येक अतिरिक्त लेनदेन पर बैंक अधिकतम 23 रुपये शुल्क वसूल सकेंगे। इस पर लागू कर अलग से देना होगा। बैंक चाहें तो अपने ग्राहकों को निर्धारित सीमा से अधिक मुफ्त लेनदेन की सुविधा भी दे सकते हैं।

 

एटीएम पर तीन भाषाओं में देनी होगी जानकारी

 

नए नियमों के तहत बैंकों को अपने एटीएम पर यह स्पष्ट करना होगा कि मशीन मेट्रो क्षेत्र में स्थित है या गैर-मेट्रो क्षेत्र में। इसके अलावा नकदी निकासी की अधिकतम सीमा, मुफ्त लेनदेन की संख्या और लागू शुल्क की जानकारी अंग्रेजी, हिंदी और स्थानीय भाषा में प्रदर्शित करनी होगी।

 

तकनीकी खराबी पर नहीं लगेगा शुल्क

 

आरबीआई ने स्पष्ट किया है कि तकनीकी कारणों से असफल होने वाले एटीएम लेनदेन को वैध लेनदेन नहीं माना जाएगा। एटीएम में नकदी खत्म होने, हार्डवेयर या सॉफ्टवेयर की खराबी और संचार प्रणाली में गड़बड़ी के कारण लेनदेन विफल होने पर ग्राहकों से कोई शुल्क नहीं लिया जा सकेगा। बैंक या सेवा प्रदाता की गलती से असफल हुए लेनदेन पर भी शुल्क नहीं लगेगा।

 

POS मशीन से भी निकाल सकेंगे नकदी

 

नए दिशा-निर्देशों में डेबिट कार्ड, पूर्ण केवाईसी वाले प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट और यूपीआई के माध्यम से पीओएस मशीनों पर नकदी निकासी की सुविधा भी शामिल की गई है। इसके तहत एक बार में अधिकतम 2,000 रुपये और महीने में कुल 10,000 रुपये तक नकदी निकाली जा सकेगी। इस सुविधा पर बैंक या सेवा प्रदाता अधिकतम 1 प्रतिशत शुल्क लगा सकेंगे।

 

आरबीआई ने यह भी स्पष्ट किया है कि दुकानों और व्यापारी प्रतिष्ठानों पर नकदी निकासी की सुविधा खरीदारी करने और बिना खरीदारी किए, दोनों ही स्थितियों में उपलब्ध होनी चाहिए। यदि ग्राहक खरीदारी के साथ नकदी भी निकालता है तो रसीद में खरीदारी और निकासी की राशि अलग-अलग दर्ज करना अनिवार्य होगा।

 

Author

Related Articles

Back to top button