परिसीमन विधेयक पर डीएमके का यू-टर्न, एमके स्टालिन बोले- संशोधित प्रस्ताव का करेंगे समर्थन

नई दिल्ली। परिसीमन विधेयक को लेकर तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने संशोधित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि नए विधेयक में पार्टी की उन दो प्रमुख मांगों को लिखित रूप से शामिल किया गया है, जिनके चलते डीएमके ने पहले इसका विरोध किया था।
एमके स्टालिन ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पिछले अप्रैल में जिन दो मांगों को लेकर पार्टी ने परिसीमन विधेयक का विरोध किया था, उन्हें नए प्रस्ताव में शामिल कर लिया गया है। यह 2024 से डीएमके द्वारा किए जा रहे लगातार संघर्षों की जीत है। उन्होंने इसे तमिलनाडु सहित सभी दक्षिणी राज्यों की जीत बताया।
स्टालिन ने कहा कि इस मुद्दे पर भावनात्मक प्रतिक्रिया देने के बजाय शांतिपूर्वक विचार करना जरूरी है कि यदि परिसीमन विधेयक को हाथ से जाने दिया गया तो इसके क्या परिणाम होंगे। प्रस्तावित विधेयक में 1971 की जनसंख्या के आधार पर सभी राज्यों के निर्वाचन क्षेत्रों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान है। सभी पहलुओं की समीक्षा और पार्टी सांसदों के साथ विचार-विमर्श के बाद डीएमके ने संशोधित स्वरूप का समर्थन करने का फैसला लिया है।
ए. राजा बोले- तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व पर नहीं पड़ेगा असर
डीएमके के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद ए. राजा ने भी पार्टी के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि व्यापक विचार-विमर्श और प्रस्तावित संशोधनों की विस्तृत जांच के बाद यह निर्णय लिया गया है। पार्टी सभी राज्यों के संसदीय प्रतिनिधित्व में 50 प्रतिशत तक वृद्धि के प्रावधान का समर्थन करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संशोधित प्रस्ताव से लोकसभा में तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
लोकसभा की सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव
खबरों के मुताबिक, केंद्र सरकार आगामी संसदीय सत्र में 132वां संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन विधेयक पेश करने की तैयारी कर रही है। इससे पहले 16 अप्रैल को केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने लोकसभा में परिसीमन से संबंधित विधेयक पेश किया था, लेकिन उसे पारित कराने के लिए आवश्यक बहुमत नहीं मिल सका था। अब सरकार पुराने विधेयक को वापस लेकर संशोधित प्रस्ताव लाने की तैयारी में है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रावधान है। इसमें राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 प्रतिनिधि शामिल होंगे। डीएमके के समर्थन के ऐलान के बाद परिसीमन विधेयक को लेकर संसद में राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा तेज हो गई है।











