मुरादाबाद में रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भीषण भिड़ंत, 4 यात्रियों की मौत, कई घायल

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर छजलैट थाना क्षेत्र के लदावली गांव के पास रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि रोडवेज बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बहन और भांजे की भी हादसे में मौत
हादसे में जान गंवाने वालों में एक महिला और उसका बच्चा भी शामिल हैं। मृतकों के एक परिजन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि उनकी बहन और भांजा स्टेशन से मुरादाबाद के सदूपुरा गांव स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान लदावली गांव के पास रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई। हालांकि हादसा किसकी गलती से हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही चारों की मौत
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि शनिवार सुबह चार लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें एक बच्चा भी शामिल था। चारों को मृत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया था। फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
कन्नौज हादसे में भी गई थी 4 बच्चों की जान
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में इससे पहले मंगलवार को कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भी भीषण सड़क हादसा हुआ था। कौशांबी से स्कूली बच्चों को पिकनिक पर लेकर गई बस लौट रही थी। बस में करीब 50 छात्र और 6 शिक्षक सवार थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर खड़ी बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी थी।
हादसा एक्सप्रेसवे के 209वें किलोमीटर के पास हुआ था। टक्कर में 4 स्कूली बच्चों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर यात्री और स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।











