बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में बढ़ने लगी ठंड, सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था नहीं

बस स्टैंड, अस्पताल, चौक-चौराहों और रेलवे स्टेशनों पर अलाव जलाने की मांग, यात्रियों ने नगर निगम से लगाई गुहार

सिंगरौली। देश और प्रदेश के साथ अब सिंगरौली जिले में भी ठंड का असर बढ़ने लगा है। तापमान में गिरावट के बीच सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से प्रमुख स्थानों पर जल्द अलाव जलवाने की मांग की है।

जिले के अंतरराज्यीय बस स्टैंड बैढ़न, जिला अस्पताल ट्रामा सेंटर, अंबेडकर चौक, मस्जिद तिराहा, नवजीवन विहार चौक, इंदिरा चौक, राजीव चौक, माजन, नवानगर, निगाही, जयंत और मोरवा बस स्टैंड सहित सिंगरौली एवं बरगवां रेलवे स्टेशन पर अभी तक अलाव की व्यवस्था नहीं होने की बात सामने आ रही है।

दूर-दराज से आने वाले यात्रियों का कहना है कि हर वर्ष ठंड के मौसम में प्रशासन और नगर निगम द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर जलाऊ लकड़ी उपलब्ध कराकर अलाव जलवाए जाते थे। इससे रात में यात्रा करने वाले लोगों, राहगीरों और जरूरतमंदों को राहत मिलती थी, लेकिन इस वर्ष अब तक ऐसी व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है।

जल्द व्यवस्था कराने की मांग
लोगों ने नगर निगम आयुक्त, महापौर, निगम अध्यक्ष और संबंधित वार्ड पार्षदों से इस समस्या पर ध्यान देने की अपील की है। उनका कहना है कि प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर जल्द अलाव की व्यवस्था कराई जाए, ताकि ठंड के बीच बसों और ट्रेनों का इंतजार करने वाले यात्रियों सहित आम नागरिकों को राहत मिल सके।

Author

Related Articles

Back to top button