6.16 करोड़ की लागत से बने 100 सीटर श्रमिक विश्राम गृह का विधायक रामनिवास शाह ने किया लोकार्पण
50 पुरुषों और 50 महिलाओं के ठहरने की अलग-अलग व्यवस्था, भोजन और मनोरंजन की सुविधाएं भी उपलब्ध

सिंगरौली। जिले में आने वाले श्रमिकों को ठहरने और विश्राम की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन के श्रम विभाग द्वारा निर्मित 100 सीटर श्रमिक विश्राम गृह का लोकार्पण किया गया। 6 करोड़ 16 लाख 78 हजार रुपये की लागत से बने इस भवन का लोकार्पण सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने किया।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर रानी अग्रवाल और नगर पालिक निगम सिंगरौली के अध्यक्ष देवेश पाण्डेय उपस्थित रहे। इसके अलावा संविदाकार विपिन सिंह सहित पार्षदगण और संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था
100 सीटर श्रमिक विश्राम गृह में 50 पुरुषों के ठहरने की व्यवस्था भूतल पर की गई है, जबकि 50 महिलाओं के लिए ऊपरी तल पर अलग व्यवस्था बनाई गई है। यहां श्रमिकों के ठहरने के साथ खाने-पीने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। मनोरंजन के लिए एलईडी टीवी लगाए गए हैं।
नगर निगम करेगा देखरेख
श्रम विभाग की इस पहल से जिले में आने वाले श्रमिकों को ठहरने और आराम करने के लिए सुविधा मिल सकेगी। विश्राम गृह की देखरेख नगर निगम सिंगरौली द्वारा की जाएगी। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लोकार्पण के साथ ही इस सुविधा केंद्र को श्रमिकों के उपयोग के लिए समर्पित किया गया। इसके शुरू होने से बाहर से आने वाले श्रमिकों को ठहरने के लिए बेहतर सुविधा और राहत मिलने की उम्मीद है।











