देवसर में प्रस्फुटन समितियों की मासिक बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
जल संचय अभियान के तहत बोरी बंधान कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर, समितियों को दस्तावेजीकरण और अभिलेख सुरक्षित रखने की दी गई जानकारी

सिंगरौली। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद सिंगरौली के तत्वावधान में विकासखंड देवसर की चयनित प्रस्फुटन समितियों की विकासखंड स्तरीय मासिक बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘प्रस्फुटन शक्ति संचय’ शासकीय महाविद्यालय देवसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य जमुना प्रसाद नामदेव, जिला समन्वयक राजकुमार विश्वकर्मा और विकासखंड समन्वयक रजनीश मिश्रा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिला समन्वयक राजकुमार विश्वकर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रस्फुटन समितियों के कार्यों की विस्तार से जानकारी देते हुए समिति के कार्यों का नियमित दस्तावेजीकरण करने और अभिलेखों को सुरक्षित रखने की आवश्यकता बताई। साथ ही आगामी गतिविधियों और समितियों की जिम्मेदारियों के बारे में भी मार्गदर्शन दिया।
विकासखंड समन्वयक रजनीश मिश्रा ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के परिचय और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रस्फुटन समितियों के माध्यम से जल संचय अभियान को प्रभावी बनाने के लिए बोरी बंधान के कार्यों को प्राथमिकता दी जानी है। इसके लिए समितियों को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था से प्रमोद मिश्रा, अखिलेश पाठक और द्वारिका प्रसाद कुशवाहा सहित परामर्शदाता एवं प्रस्फुटन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।











