एनसीएल जयंत में ‘ग्राम वाटिका का उद्घाटन, ग्रामीण भारत की आत्मा का जीवंत मॉडल हुआ स्थापित

सिंगरौली।नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के जयंत क्षेत्र में आज ग्रामीण भारत की सजीव झलक प्रस्तुत करने वाली “ग्राम वाटिका” का भव्य उद्घाटन क्षेत्रीय महाप्रबंधक राजीव कुमार द्वारा किया गया। यह अनूठा मॉडल गाँव भारत के ग्रामीण जीवन, परंपरा और विकास की यात्रा को प्रोटोटाइप के रूप में दर्शाता है।
‘विकसित भारतÓ के राष्ट्रीय लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए एनसीएल ने यह पहल की है, जो यह स्पष्ट संदेश देती है कि “विकसित गाँव के बिना विकसित भारत संभव नहीं”। ग्राम वाटिका में झोपड़ी से पक्के मकान तक का विकास, तालाब, नहर, पुल, खेत, किसान, मचान, बैलगाड़ी, सामाजिक बैठक स्थल और बच्चों की पढ़ाई जैसे दृश्य ग्रामीण जीवन की आत्मा को दर्शाते हैं।
इस मॉडल गाँव की विशेषता यह है कि यहां की संपूर्ण विद्युत व्यवस्था सौर ऊर्जा पर आधारित है, जिससे यह ग्रीन एनर्जी और आत्मनिर्भरता का भी उदाहरण बन गया है। दीवारों पर बनी चित्रकारी जीवन के विविध पहलुओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत करती है।
ग्राम वाटिका केवल एक संरचना नहीं बल्कि ग्रामीण भारत की सादगी, संस्कृति और सामाजिक ताने-बाने का प्रतीक है, जो आगंतुकों को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करता है।एनसीएल जयंत का यह प्रयास न केवल ऊर्जा उत्पादन बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण व सतत विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।













