कसर गेट ओवर ब्रिज से हटाया गया पानी भराव, स्ष्ठरू सौरभ मिश्रा की पहल लाई रंग

सिंगरौली-कसर गेट ओवर ब्रिज पर वर्षों से बनी गंभीर जलभराव की समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है। ब्रिज बनने के बाद से ही उसके नीचे लगातार पानी भरा रहता था, जिससे राहगीरों और खासकर दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती थी, कई बार दुर्घटनाएं तक हो चुकी थीं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था।
इस समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों द्वारा जब मामला चितरंगी एसडीएम सौरभ मिश्रा के संज्ञान में लाया गया, तब उन्होंने इसे गंभीरता से लिया। एसडीएम मिश्रा लगातार रेलवे अधिकारियों से संपर्क में रहे और बार-बार पत्राचार व समन्वय के जरिए इस मुद्दे को उठाते रहे। उनकी सतत कोशिशों का ही नतीजा है कि अब ओवर ब्रिज के नीचे जमा रहने वाले पानी की समस्या को दूर कर दिया गया है।
रेलवे की तकनीकी टीम द्वारा आवश्यक सुधार और जल निकासी की व्यवस्था किए जाने के बाद अब ब्रिज के नीचे पानी नहीं भर रहा है। इससे न केवल दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा, बल्कि आम लोगों को भी आने-जाने में बड़ी राहत मिलेगी।स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए एसडीएम सौरभ मिश्रा का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रशासन की सक्रियता से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान संभव हो पाया है। अब कसर गेट ओवर ब्रिज क्षेत्र सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए तैयार है।













