सरई में नशामुक्ति पदयात्रा, हजारों लोगों ने लिया समाज सुधार का संकल्प

सिंगरौली। नशामुक्त समाज निर्माण के उद्देश्य से भगवती मानव कल्याण संगठन द्वारा शुक्रवार को सरई में विशाल नशामुक्ति सद्भावना पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा में सिंगरौली जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए हजारों लोगों ने भाग लिया। नशामुक्त हो सारा देश, हम नहीं रुकेंगे, नशामुक्त देश करेंगे जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। संगठन के केन्द्रीय महासचिव सौरभ द्विवेदी (अनूप भैया) की विशेष उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बनाया।
पदयात्रा में शामिल लोगों ने दंड ध्वज और तख्तियों पर लिखे संदेशों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों पर लोगों को जागरूक किया। विशेष रूप से लगभग 50 प्रतिशत महिलाओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही, जिन्होंने समाज को नशे से मुक्त बनाने के लिए मजबूत संदेश दिया। पदयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहां नागरिकों ने पदयात्रियों का पुष्पवर्षा और जलपान कर स्वागत किया।इस अवसर पर सौरभ द्विवेदी ने कहा कि नशा परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा है।
उन्होंने अवैध शराब और नशीले पदार्थों पर कड़ी रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि जब तक देश नशे से मुक्त नहीं होगा, तब तक वास्तविक विकास संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से नशामुक्ति अभियान में जुड़ने और इसे जन आंदोलन बनाने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान सरई पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौजूद रही। पदयात्रा ने लोगों में नशामुक्त समाज की दिशा में नई चेतना और सकारात्मक संदेश पैदा किया।













