गंगा दशहरा पर नवीन तालाब निर्माण का भूमिपूजन, जल संरक्षण को लेकर ग्रामीणों में उत्साह
जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रणव पाठक की अध्यक्षता में ग्राम तलवा में हुआ भव्य आयोजन, विधायक राजेंद्र मेश्राम रहे मुख्य अतिथि

सिंगरौली/ मध्यप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत गंगा दशहरा के पावन अवसर पर जनपद पंचायत देवसर क्षेत्रांतर्गत विधानसभा क्षेत्र देवसर की ग्राम पंचायत उज्जैनी के ग्राम तलवा में नवीन तालाब निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रणव पाठक ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में देवसर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक राजेन्द्र मेश्राम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली। पूरे आयोजन के दौरान जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। भूमिपूजन उपरांत विधायक राजेंद्र मेश्राम ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। तालाब, कुएं एवं पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा चलाया जा रहा “जल गंगा संवर्धन अभियान” ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरचनाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल है। नवीन तालाब निर्माण से क्षेत्र में जल संचयन बढ़ेगा, भूजल स्तर में सुधार होगा तथा किसानों एवं ग्रामीणों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रणव पाठक ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का महाअभियान है। ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों और जल स्रोतों का निर्माण एवं संरक्षण गांवों की समृद्धि और किसानों की खुशहाली का आधार बनेगा। उन्होंने ग्रामीणों से जल बचाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
आयोजन में ग्राम पंचायत उज्जैनी के सरपंच शंकर प्रसाद प्रजापति, मंडल अध्यक्ष मंगल सिंह, एसडीओ सूरज मिश्रा, विनोद मिश्रा, हर्ष सिंह, लालबहादुर, पीसीओ, राजेंद्र द्विवेदी, महामंत्री श्रीमती अनीता गुप्ता, रमाशंकर वैश्य, सचिव राकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के जल संरक्षण अभियान की सराहना करते हुए इसे जनहित एवं भविष्य की आवश्यकता से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया।













