ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नौतपा की भीषण गर्मी में बिजली संकट, ग्रामीणों ने घेरा खुटार सब स्टेशन

सिंगरौली। नौतपा की भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। खुटार सब स्टेशन क्षेत्र के आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने बिजली समस्या को लेकर सब स्टेशन पहुंचकर घेराव किया और जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पूरे दिन बिजली गुल रहती है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों ने कहा कि सिंगरौली जिला प्रदेश की ऊर्जा राजधानी कहलाता है, इसके बावजूद यहां के ग्रामीण बिजली के लिए तरस रहे हैं। ग्रामीणों का कहना था कि जिले से अन्य जिलों को बिजली सप्लाई की जा रही है, जबकि स्थानीय उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग की कि समय रहते बिजली व्यवस्था में सुधार किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

खुटार सब स्टेशन में ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटने की सूचना पर खुटार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं ग्रामीणों ने नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

Author

Related Articles

Back to top button