शासकीय हाई स्कूल मलगा टोला के प्रभारी प्राचार्य निलंबित
सिंगरौली -जिले के शासकीय हाई स्कूल मलगा टोला के प्रभारी प्राचार्य मो. गयासुद्दीन सिद्धिकी को आर्थिक अनियमितताओं के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा के आदेश पर बुधवार को की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी एस.बी. सिंह ने पिछले माह 16 दिसम्बर को एक जांच प्रतिवेदन भेजा था, जिसमें यह आरोप लगाया गया था कि प्राचार्य ने जानबूझकर छात्रों के नामांकन और अंकसूची में त्रुटियां कीं। इसके अलावा, संबल कार्ड का नंबर गलत अपलोड किया और छात्रों से योजना के लाभ के लिए पैसे की मांग की। शिकायतें यह भी थीं कि छात्रों को विरोध करने पर निजी स्कूलों में भेजने की धमकी दी जा रही थी।
इस मामले की जांच के लिए एक त्रिस्तरीय टीम का गठन किया गया। जांच में कई अनियमितताएं पाई गईं, जिसमें अकादमिक स्तर पर लापरवाही और अन्य गड़बड़ियां शामिल थीं। इसके अलावा, स्कूल के शिक्षकों ने भी प्राचार्य के व्यवहार पर आपत्ति जताई। जांच में यह भी सामने आया कि प्राचार्य ने स्कूल की सामग्री, जैसे लैपटॉप, प्रिंटर और पंखा, अपने घर ले गए थे।जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्राचार्य को निलंबित करते हुए उन्हें मुख्यालय शाउमा विद्यालय लमसरई में नियत किया गया है।













