देश विदेशब्रेकिंग न्यूज़

थाईलैंड में पकड़े गए गोवा नाइटक्लब आग हादसे के मालिक, 25 मौतों वाली त्रासदी में बड़ा अपडेट

नई दिल्ली। गोवा के नाइटक्लब में 6 दिसंबर की रात लगी आग में 25 लोगों की मौत के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। क्लब के दोनों मालिक भाई—गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा—को भारतीय एजेंसियों ने थाईलैंड में गिरफ्तार कर लिया है। जल्द ही दोनों को भारत लाया जाएगा। उनके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और विदेश मंत्रालय उनके पासपोर्ट रद्द करने पर भी विचार कर रहा है।

आग के तुरंत बाद देश छोड़कर भाग गए थे दोनों भाई
जांच में खुलासा हुआ है कि हादसे की रात ही दोनों ने भागने की योजना बना ली थी। 7 दिसंबर की रात 1:17 बजे उन्होंने थाईलैंड की फ्लाइट बुक की और जब फायर ब्रिगेड की टीमें लोगों को बचाने में जुटी थीं, उसी समय यह दोनों एयरपोर्ट के लिए निकल गए।अग्रिम जमानत लेने की कोशिश में उन्होंने दिल्ली की एक अदालत में अर्जी दी थी, लेकिन अदालत ने यह कहते हुए याचिका खारिज कर दी कि उनका देश छोड़ना संदेह पैदा करता है। वकीलों ने यह दलील दी थी कि दोनों “पहले से तय बिजनेस ट्रिप” पर गए थे और क्लब का संचालन स्टाफ करता था, पर अदालत ने इन्हें स्वीकार नहीं किया।

ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी, थाईलैंड से दबोचे गए
घटना के बाद इंटरपोल के जरिए दोनों पर ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। खुफिया इनपुट के आधार पर पता चला कि वे थाईलैंड में छिपे हैं। संयुक्त कार्रवाई में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।गोवा लौटने के बाद इन पर वहीं मुकदमा चलेगा। क्लब के 5 मैनेजर और कर्मचारियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

भीषण हादसा — कुछ ही मिनटों में तबाह हो गया पूरा नाइटक्लब
पणजी से 25 किलोमीटर दूर स्थित क्लब में आधी रात अचानक आग भड़की थी। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा परिसर जल गया और कई शव एक-दूसरे के ऊपर पड़े मिले। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि पूरी जांच रिपोर्ट आठ दिन में सामने आ जाएगी।हादसे के बाद गोवा के सभी नाइटक्लबों, बार और एंटरटेनमेंट स्थलों की सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई है।

Author

Related Articles

Back to top button