भोपालमध्य प्रदेश

एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर हनुमानगढ़ में तनाव, किसानों का विरोध जारी

हनुमानगढ़। जिले के राठीखेड़ा गांव में निर्माणाधीन एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर किसानों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को भी टिब्बी क्षेत्र में किसानों का जुटना जारी रहा। एहतियात के तौर पर इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद की गई हैं, जबकि फैक्ट्री के आसपास रहने वाले करीब 30 परिवार सुरक्षा के डर से घर छोड़कर चले गए हैं।बुधवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई। प्रदर्शनकारी किसान फैक्ट्री की दीवार तोड़कर अंदर घुस गए और कार्यालय में आग लगा दी। इस बीच पुलिस और किसानों के बीच पथराव, लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल हुआ। गुस्साए किसानों ने 14 वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया। इस घटना में 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिसमें कांग्रेस विधायक अभिमन्यु पूनिया भी शामिल हैं।

 

फैक्ट्री निर्माण को लेकर किसानों का विरोध पिछले कई महीनों से जारी है। चंडीगढ़ की ड्यून इथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी यहां 40 मेगावाट का अनाज आधारित एथेनॉल प्लांट बना रही है। किसानों का आरोप है कि फैक्ट्री बनने से आसपास की जमीनें और भूजल प्रभावित होगा, जबकि कंपनी का दावा है कि परियोजना पर्यावरण मानकों के अनुरूप है और एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम में योगदान देगी।

 

विवाद बढ़ने के बाद प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। स्कूल-कॉलेज बंद हैं और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। किसान और कांग्रेस नेता स्पष्ट कर चुके हैं कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Author

Related Articles

Back to top button