ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

कड़ाके की ठंड से सिहरा प्रदेश; शहडोल 3.8 डिसे के साथ सबसे ठंडा, शीतलहर की चपेट में कई शहर

भोपाल। मध्य प्रदेश में सर्दी ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। बीते 24 घंटों में प्रदेश भर में रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसके चलते कई जिले शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। मौसम भले ही शुष्क रहा हो, लेकिन ठिठुरन लगातार बढ़ती जा रही है। सबसे ठंडा शहडोल रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शहडोल में सबसे कम तापमान
प्रदेश में दिसंबर की शुरुआत से ही कड़ाके की ठंड बढ़ने लगी है। कई शहरों में रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे जा रहा है। शहडोल जिले के कल्याणपुर में 3.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम था। इसके अलावा इंदौर में भी ठंड ने दस साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया और शहर, हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडा रहा।दूसरी ओर, खंडवा 30.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा।

क्यों बढ़ रही है ठंड?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत से लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और जेट स्ट्रीम के प्रभाव के कारण मध्य प्रदेश में तापमान तेजी से गिर रहा है। बर्फीली उत्तरी हवाओं का लगातार बहाव बना हुआ है, जिससे रात का पारा नीचे जाता जा रहा है।

नया सिस्टम बढ़ाएगा ठंड
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि 13 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ विकसित होगा। इस नए सिस्टम के कारण आने वाले कई दिनों में ठंड और अधिक बढ़ सकती है और कई जिलों में शीतलहर का असर और तीव्र होने की संभावना है।प्रदेश में अभी ठंड का प्रकोप कम होने के आसार नहीं हैं, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

Author

Related Articles

Back to top button