अरुणाचल में भीषण हादसा: ट्रक 1000 फीट खाई में गिरा, 21 की मौत; घटना की जानकारी 3 दिन बाद मिली

ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के अनजॉ जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां हयुलियांग इलाके में एक ट्रक 1000 फीट गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में ड्राइवर, क्लीनर सहित 21 लोगों की मौत हो गई है। बचाव दल अब तक 18 शव बरामद कर चुका है। हादसा 8 दिसंबर की रात हुआ था, लेकिन इस घटना की जानकारी 3 दिन बाद मिल पाई।
दो दिन पैदल चलकर पहुंचा जीवित बचा व्यक्ति
इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति जीवित बच गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह खाई से किसी तरह बाहर निकला और हयुलियांग–चगलगाम रोड तक पहुंचा। वहाँ से वह दो दिन पैदल चलता हुआ सीआरपीएफ के चिपरा कैंप पहुँचा और जवानों को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद सेना ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
कठिन इलाका, टीमों को पहुँचना हुआ मुश्किल
हादसे वाली जगह चगलगाम से करीब 12 किलोमीटर आगे बेहद दुर्गम और घने जंगलों वाला पहाड़ी इलाका है, जहाँ आवाजाही लगभग ना के बराबर होती है। सेना की रेस्क्यू टीमों को घटनास्थल तक पहुँचने में 10 घंटे से ज्यादा का समय लगा।
घनी झाड़ियों में फंसा था ट्रक
रेस्क्यू टीम रस्सियों के सहारे खाई में उतरी और करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक तक पहुँची। ट्रक घनी झाड़ियों में फंसा हुआ था, जिसकी वजह से वह दूर से दिखाई भी नहीं दे रहा था। अब तक 18 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिन्हें बेले रोप्स की मदद से ऊपर लाया जा रहा है।इस भीषण हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।













