छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था परखने पहुंचे कलेक्टर और एसपी, खुटार के पोखरा टोला घाट का किया निरीक्षण
अधिक भीड़ की संभावना वाले घाट पर व्यवस्थाओं की समीक्षा, प्रतिबंधित घाटों पर प्रवेश रोकने और सुरक्षित स्थानों पर ही पूजा करने की अपील

सिंगरौली। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर अंकित अस्थाना और पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने जिले के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सर्वाधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना वाले पोखरा टोला, खुटार स्थित छठ घाट पर पहुंचकर सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान घाटों तक पहुंच मार्ग, श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास, संभावित भीड़, वाहनों की पार्किंग तथा सुरक्षा इंतजामों का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से प्रतिबंधित छठ घाटों का भी निरीक्षण किया और वहां श्रद्धालुओं का प्रवेश पूरी तरह रोकने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही पूजा-अर्चना करने की अपील की गई।

प्रकाश, बैरिकेडिंग और बचाव संसाधनों पर जोर
कलेक्टर अंकित अस्थाना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक भीड़ वाले घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षित पहुंच मार्ग और आवश्यक बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए। प्रतिबंधित घाटों पर स्पष्ट चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित घाटों की जानकारी मिल सके। उन्होंने एसडीआरएफ से समन्वय कर गोताखोरों और बचाव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैयार रहने के निर्देश भी दिए।
घाटों पर तैनात रहेगा पर्याप्त पुलिस बल
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने थाना और चौकी प्रभारियों को श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, भीड़ नियंत्रण, निर्धारित पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने तथा महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया। जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में भी पुलिस अधिकारी लगातार घाटों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार प्रीति सिकरवार, बैढ़न थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी, खुटार चौकी प्रभारी अमन सिंह सहित संबंधित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रतिबंधित घाटों पर न जाने की अपील
जिला प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं से छठ महापर्व को श्रद्धा, उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा कारणों से प्रतिबंधित घाटों पर किसी भी परिस्थिति में प्रवेश न करें और निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही पूजा-अर्चना करें। किसी भी आपात स्थिति में मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से सहायता लें अथवा पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 7049134457 और डायल-112 पर सूचना दें।













