इटारसी. 11072 कामायनी एक्सप्रेस में टिकट निरीक्षक और आरक्षक के बीच झगड़ा, टीटीई घायल

इटारसी। बलिया से मुंबई जा रही 11072 कामायनी एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में शनिवार को मुख्य टिकट निरीक्षक (डिप्टी सीटीआई) और एक आरक्षक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर मारपीट हुई। इस घटना में डिप्टी सीटीआई बुरी तरह घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, विवाद का कारण आरक्षक का बिना टिकट ट्रेन में सफर करना था। डिप्टी सीटीआई राजेश कुमार ने आरक्षक से टिकट बनवाने के लिए कहा, तो आरक्षक भड़क गया और उस पर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में डिप्टी सीटीआई का सामान भी छीन लिया गया। आरक्षक ने खुद को मुंबई जीआरपी में पदस्थ बताने की कोशिश की। कोच में कुल चार यात्री इसी प्रकार बेटिकट सफर कर रहे थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद भोपाल रेलवे कंट्रोल रूम ने नर्मदापुरम और इटारसी स्टेशन पर ट्रेन को अटेंड किया। नर्मदापुरम स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की मदद से डिप्टी सीटीआई और कांस्टेबल को उतारकर जिला अस्पताल भेजा गया। यहां डिप्टी सीटीआई के चेहरे पर लगी चोट का इलाज कराया गया।
जीआरपी थाना प्रभारी इटारसी संजय चौकसे ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरक्षक ने आरोप लगाया कि टीटीई ने उन्हें कोच से उतारने और उनके पिता के साथ अभद्र व्यवहार करने के लिए आरपीएफ को बुलाया। मामले की जांच के दौरान दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं।रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और भविष्य में सुरक्षा एवं टिकटिंग नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।













