एनसीएल गोरबी ब्लॉक-बी में विस्थापितों का उग्र प्रदर्शन, एनएच-39 जाम

सिंगरौली-जिले में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के गोरबी ब्लॉक-बी क्षेत्र में रविवार को विस्थापित और प्रभावित परिवारों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा। रोजगार की मांग को लेकर 100 से अधिक लोगों ने नेशनल हाईवे क्रमांक-39 को जाम कर दिया। हाईवे जाम होने से दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एनसीएल प्रबंधन और उसकी ओवरबर्डन (ओबी) कंपनियां सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल द्वारा जारी रोजगार संबंधी गाइडलाइन का पालन नहीं कर रही हैं। इन निर्देशों के तहत विस्थापित और प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया जाना है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका पालन नहीं हो रहा। लोगों का कहना है कि नौकरी के लिए चयनित हितग्राहियों की सूची अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है, जिससे असमंजस और नाराजगी बढ़ रही है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उन्होंने पहले भी शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन और प्रदर्शन किए, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण मजबूर होकर उन्हें हाईवे जाम करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन के अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं।
वहीं एनसीएल के जनसंपर्क अधिकारी राम विजय सिंह ने कहा कि उन्हें फिलहाल मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने संबंधित विभाग से जानकारी लेकर स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है।











