इंदौर में अपराध, नशाखोरी और अव्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने किया वाटर कैनन का प्रयोग

इंदौर। शहर में लगातार बढ़ते अपराध, नशाखोरी और अव्यवस्थित शहरी प्लानिंग को लेकर कांग्रेस और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रदर्शन के दौरान जब कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रवेश करने का प्रयास किया, तो पुलिस के साथ झड़प हुई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग किया और कार्यकर्ताओं पर पानी की तेज बौछारें छोड़ीं।यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल ने बताया कि यह प्रदर्शन शहर में बेलगाम अपराध, बढ़ती नशाखोरी और भ्रष्टाचार के खिलाफ है। उनका आरोप था कि प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल हो रहा है और आम जनता की सुनवाई नहीं हो रही है।
कांग्रेस नेताओं ने शहर में चल रहे मेट्रो प्रोजेक्ट और अन्य विकास कार्यों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि अनियोजित तरीके से चल रहे मेट्रो के काम ने शहर की व्यवस्था बिगाड़ दी है और जगह-जगह हो रही तोड़फोड़ से लोग परेशान हैं। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
इसी बीच कांग्रेस ने शहर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के लिए हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया है। उनका कहना है कि 5.68 लाख मतदाताओं के गायब होने की जानकारी दी गई है, ऐसे में उनके नाम सार्वजनिक होने चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, उन्हें सार्वजनिक किया जाए।













