मुख्यमंत्री मोहन यादव की घोषणा-21 दिसंबर को भोपाल मेट्रो समेत बड़े विकास कार्य जनता के समर्पित

खजुराहो। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जानकारी दी है कि 21 दिसंबर को भोपाल मेट्रो परियोजना सहित कई बड़े विकास कार्यों की सौगात प्रदेशवासियों को दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि पूरा दिसंबर माह विकास कार्यों और जनकल्याण संबंधी कार्यक्रमों से भरा रहेगा।
डॉ. यादव ने बताया कि 13 और 14 दिसंबर को भोपाल और इंदौर में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री के कार्यकाल के दो साल पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अलग-अलग विभागों से दो वर्षों के कामकाज की समीक्षा की और आगामी तीन साल के लक्ष्य पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी वर्ष के समापन अवसर पर प्रदेश में दो लाख करोड़ रुपये के उद्योगों के भूमिपूजन और लोकार्पण किए जाएंगे। इससे प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
डॉ. यादव ने कहा कि आने वाला वर्ष कृषि आधारित उद्योगों, किसानों की आय बढ़ाने, हॉर्टिकल्चर के विकास, सिंचित क्षेत्र बढ़ाने और सस्ती एवं पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के लिए नई योजनाओं और बड़े कदमों का वर्ष होगा। मुख्यमंत्री ने खजुराहो में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनकल्याण को केंद्र में रखकर प्रदेश के समग्र विकास को गति देना है।













