ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

उमरिया में दर्दनाक सड़क हादसा: कार पलटने से तीन युवकों की मौत, दो गंभीर घायल

उमरिया। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में  एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सिविल लाइन चौकी के ताला मार्ग पर खैरा मोड़ के पास देर रात करीब 1 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रेहान अंसारी (17) पिता वकील अंसारी, निवासी कैंप उमरिया, सलमान खान (23) पिता रहमान, निवासी नौरोजाबाद और इमरान (18) पिता इंतिहान, निवासी बड़ेरी के रूप में हुई है। वहीं फैज और शाहिद गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, कार में सवार पांचों युवक आपस में दोस्त थे और दावत खाने के बाद घर लौटने के बजाय ताला घूमने के लिए निकल गए थे। इसी दौरान खैरा मोड़ के पास कार अचानक बेकाबू हो गई और सड़क से लगभग 30 मीटर नीचे जा पलटी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक की ओर का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

बताया जा रहा है कि सभी युवक गाड़ी मिस्त्री का काम सीख रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर लिया है।

सिविल लाइन चौकी प्रभारी बृज किशोर गर्ग ने बताया कि फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।

इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। एक ही हादसे में तीन युवकों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button