मध्य प्रदेशसिंगरौली

संतोष ट्रॉफी में सिंगरौली के अमन सिंह का चयन, जिले में खुशी की लहर

सिंगरौली। अखिल भारतीय सीनियर राष्ट्रीय संतोष ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 26 नवंबर तक नारायणपुर (छत्तीसगढ़) में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जिला फुटबॉल संघ सिंगरौली के होनहार सीनियर खिलाड़ी अमन सिंह का चयन मध्य प्रदेश सीनियर टीम में हुआ है। अमन सिंह के चयन से जिले के खेल प्रेमियों और फुटबॉल जगत में हर्ष का माहौल है।

मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ के सचिव अमित रंजन देव के निर्देशानुसार 1 से 17 नवंबर तक जिला फुटबॉल संघ सिवनी में सीनियर खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। इसके बाद चयन समिति द्वारा प्रदेश के 20 खिलाड़ियों का चयन किया गया, जिसमें अमन सिंह ने अपने शानदार प्रदर्शन से जगह बनाई। 18 नवंबर को मध्य प्रदेश सीनियर टीम नारायणपुर के लिए रवाना होगी।

प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश टीम का पहला मुकाबला 22 नवंबर को सुबह 9 बजे उड़ीसा के खिलाफ होगा। दूसरा मैच 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे छत्तीसगढ़ के साथ और तीसरा मुकाबला 26 नवंबर को सुबह 9 बजे तेलंगाना के विरुद्ध खेला जाएगा।

जिला फुटबॉल संघ सिंगरौली के सचिव लवकुश कुमार तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अमन सिंह की यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है। मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ के अध्यक्ष जी.के. श्रीवास्तव, सचिव अमित रंजन देव, सह सचिव एवं जिला अध्यक्ष आर.पी. पटेल, टीम मैनेजर दिनेश सिंह, कोच आशीष पिल्लई, बी लाइसेंस कोच रूपेश सिंह, फिजियो उत्सव दुबे सहित जिला संघ के सभी पदाधिकारियों ने अमन सिंह और पूरी टीम को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Author

Related Articles

Back to top button