आईईसी गतिविधियों से शहरी स्वच्छता को मजबूती, वार्ड स्तर पर जागरूकता अभियान तेज

सिंगरौली। शहरी स्वच्छता में सुधार और नागरिकों में स्वच्छ व्यवहार विकसित करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) गतिविधियों के माध्यम से व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। निगमायुक्त सविता प्रधान के निर्देशानुसार नगर निगम एवं अनुबंधित संस्था सीटाडेल प्रोजेक्ट और एलाइड सॉल्यूशन के सहयोग से वार्ड स्तर पर जागरूकता अभियान और व्यवहार परिवर्तन अभ्यास किया जा रहा है।
अभियान के तहत नागरिकों से सीधे संवाद कर कचरा संग्रहण वाहनों की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने, घर-घर स्रोत पृथक्करण को बढ़ावा देने और पृथक किए गए कचरे के उचित परिवहन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही मुख्य बाजारों में दुकानदारों से संपर्क कर अनिवार्य रूप से दो डस्टबिन रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और भंडारण पर प्रतिबंध को लेकर जागरूक किया जा रहा है।
नोडल अधिकारी (स्वच्छ भारत मिशन) आर.पी. बैस, स्वास्थ्य अधिकारी बालगोविंद चतुर्वेदी और सहायक नोडल अधिकारी (आईईसी) शशांक गौतम द्वारा वार्डों में कचरा वाहनों की जांच, स्रोत पृथक्करण की जमीनी निगरानी की गई तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण जनभागीदारी से ही संभव है।
अभियान में नागरिक समूहों, रहवासी समितियों, बाजार समितियों और सामाजिक संगठनों को जोड़कर शहरी स्वच्छता को सतत और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।













