नेशनल हेराल्ड केस पर कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक का भाजपा पर हमला

जबलपुर।कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने जबलपुर प्रवास के दौरान नेशनल हेराल्ड मामले में आए हालिया घटनाक्रम को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस मामले को पिछले 12 वर्षों से जानबूझकर तिल का ताड़ बनाया गया और इसे राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया गया।
रागिनी नायक ने तंज कसते हुए कहा कि भारत की राजनीति तथाकथित 56 इंच की छाती से नहीं, बल्कि सत्य और सिद्धांतों से चलती है। उन्होंने कहा कि स्पेशल कोर्ट के फैसले ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर लगाए गए सभी आधारहीन आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पिछले एक दशक से अधिक समय से नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर घिनौना राजनीतिक खेल खेलती रही है, जिसका मकसद केवल गांधी परिवार की छवि को नुकसान पहुंचाना था।
जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
कांग्रेस प्रवक्ता ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ईडी को अपनी कठपुतली बना दिया है। आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि ईडी का कन्विक्शन रेट मात्र 1 प्रतिशत है, जो एजेंसी की गिरती साख को दर्शाता है।
रागिनी नायक ने दावा किया कि बीते वर्षों में ईडी द्वारा दर्ज किए गए करीब 95 प्रतिशत मामले विपक्षी नेताओं के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 193 सांसदों और विधायकों के खिलाफ ईडी ने मामले दर्ज किए, लेकिन केवल दो मामलों में ही आरोप साबित हो सके।
उन्होंने अंत में कहा कि कोर्ट के रुख से यह साफ हो गया है कि जीत हमेशा सच की होती है और राजनीतिक प्रतिशोध के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग ज्यादा समय तक नहीं चल सकता।













