एनटीपीसी नबीनगर पावर प्लांट के कूलिंग टावर में भीषण आग, मचा हड़कंप
औरंगाबाद (बिहार)।
बिहार के औरंगाबाद जिले के नबीनगर प्रखंड अंतर्गत अंकोरहा क्षेत्र में स्थित नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी) के नबीनगर पावर प्लांट के सीटी-1बी कूलिंग टावर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और दूर-दूर तक धुएं का गुबार आसमान में उठता दिखाई दिया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की शुरुआत कूलिंग टावर के ऊपरी हिस्से से हुई, जो देखते ही देखते नीचे की ओर फैलती चली गई। टावर में मौजूद प्लास्टिक और फाइबर सामग्री के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। बताया गया कि टावर में तेल, केबल और अन्य ज्वलनशील सामग्री भी रखी हुई थी, जिससे आग और तेजी से फैल गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी पास रखी केबल पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा कर्मी और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस भीषण आग में एनटीपीसी को भारी आर्थिक नुकसान होने की सूचना है। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग पर काबू पाने के बाद पावर प्लांट की बिजली व्यवस्था को सुचारू रूप से चालू कर दिया गया है।













