मध्य प्रदेशसिंगरौली

विश्व ध्यान दिवस पर सिंगरौली पुलिस ने किया हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम का आयोजन

 

सिंगरौली-पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश श्री कैलाश मकवाना के निर्देशानुसार द्वितीय विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर सिंगरौली जिले में साप्ताहिक हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम का सुव्यवस्थित एवं व्यापक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री मनीष खत्री के मार्गदर्शन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

 

जिले के समस्त अनुभागों, थाना स्तर एवं निर्धारित स्थलों पर आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। ध्यान सत्र के दौरान प्रतिभागियों को हृदय पर ध्यान केंद्रित कर मानसिक शांति प्राप्त करने, तनाव एवं मानसिक दबाव से मुक्ति, आत्म-संतुलन, भावनात्मक स्थिरता और सकारात्मक सोच विकसित करने के व्यावहारिक अभ्यास कराए गए।

 

कार्यक्रम में बताया गया कि नियमित ध्यान अभ्यास से एकाग्रता, निर्णय क्षमता, धैर्य, संवेदनशीलता और कार्य-कुशलता में वृद्धि होती है, जिससे पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी संयम, विवेक और मानवीय संवेदना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकते हैं। हार्टफुलनेस पद्धति के अंतर्गत ध्यान, प्रार्थना, स्वच्छ मनन और आत्म-निरीक्षण जैसे अभ्यासों को पुलिस जैसे तनावपूर्ण सेवा क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी बताया गया।

 

तीन दिवसीय ध्यान योग शिविर का आयोजन

 

इसी क्रम में विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर सिंगरौली पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों के मानसिक संतुलन और तनावमुक्त जीवन को ध्यान में रखते हुए तीन दिवसीय ध्यान योग शिविर कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 19 दिसंबर से 21 दिसंबर 2025 तक प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से 9:30 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें पुलिसकर्मियों के साथ उनके परिवारजनों की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई है।

 

इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना, तनावमुक्त एवं संतुलित जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और अधिक प्रभावी बनाना है।

 

ध्यान सत्र का आयोजन श्री जयभगवान मित्तल, श्रीमती रेवती, श्री सच्चिनंद सिंह एवं श्री अशोक तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर श्री पी.एस. परस्ते, थाना प्रभारी विंध्यनगर श्रीमती अर्चना दिवेदी, थाना प्रभारी बैढ़न श्री अशोक सिंह परिहार, रक्षित निरीक्षक श्री केशव सिंह चौहान, सूबेदार श्री आशिष तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

सिंगरौली पुलिस द्वारा भविष्य में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समग्र कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन एवं कार्य-क्षमता वृद्धि हेतु ऐसे ध्यान, योग एवं कल्याणकारी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की योजना है।

Author

Related Articles

Back to top button