कलेक्टर के निर्देश पर अवैध उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सहकार ग्लोबल कंपनी की 65 करोड़ों के राजस्व नुकसान का खुलासा


कलेक्टर के निर्देश पर अवैध उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
सहकार ग्लोबल कंपनी के द्वारा लगभग 65 करोड़ों के राजस्व नुकसान का खुलासा
सिंगरौली।
जिले में अवैध उत्खनन पर पूर्णतः अंकुश लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल के निर्देशन में प्रशासन द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में उपखंड अधिकारी (एसडीएम) चितरंगी सौरभ मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेही एवं खम्हारिया कला स्थित रेत खदानों का औचक भौतिक सत्यापन किया, जिसमें बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन का खुलासा हुआ।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि सहकार ग्लोबल कंपनी द्वारा शासन से प्राप्त वैध रेत खनन लीज की शर्तों का उल्लंघन करते हुए लीज क्षेत्र से बाहर अवैध रूप से रेत उत्खनन किया जा रहा था। ग्राम खम्हारिया कला में लगभग 20 एकड़ तथा ग्राम रेही में करीब 2.5 एकड़ भूमि पर बिना अनुमति उत्खनन कार्य किया जा रहा था।
भौतिक सत्यापन के दौरान अवैध उत्खनन की गहराई और क्षेत्रफल का भी आकलन किया गया।

ग्राम खम्हारिया कला में लगभग 1342 मीटर लंबाई, 80 मीटर चौड़ाई एवं 2 मीटर गहराई तक अवैध रेत उत्खनन पाया गया। जिसमे राजस्व कर 65 करोड़ लगभग आका गया है। सरकार को भारी नुकसान कर चोरी की जा रही थी।
वहीं ग्राम रेही में करीब 140 मीटर लंबाई, 76 मीटर चौड़ाई एवं 2 मीटर गहराई तक अवैध खनन किया जाना पाया गया।

इससे यह स्पष्ट हुआ कि कंपनी द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन कर शासन को भारी राजस्व क्षति पहुंचाई जा रही थी। मौके पर एक पीसी मशीन अवैध उत्खनन में संलिप्त पाई गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम चितरंगी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीसी मशीन को जब्त कर लिया एवं सुरक्षा की दृष्टि से उसे थाना चितरंगी के सुपुर्द कर दिया। साथ ही अवैध उत्खनन से संबंधित पंचनामा तैयार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। प्रशासन द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि अवैध उत्खनन से शासन को कुल कितना राजस्व नुकसान हुआ है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार सहकार ग्लोबल कंपनी के विरुद्ध पूर्व से ही अवैध उत्खनन को लेकर कई शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। कलेक्टर द्वारा इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम चितरंगी को स्थलीय जांच एवं कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के पालन में की गई इस कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अवैध उत्खनन, पर्यावरण क्षति एवं राजस्व चोरी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। जिले में खनिज संपदा की सुरक्षा हेतु आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण एवं सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार अपराध पंजीबद्ध कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
श्री मान सिंह चंदेल विशेष रिपोर्टर सिंगरौली













