शक्तिनगर में पुलिस मुठभेड़: लूट कांड का आरोपी गोली लगने से घायल, पिस्टल व भारी मात्रा में जेवरात बरामद

शक्तिनगर,सोनभद्र। थाना शक्तिनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बस स्टैंड काली मंदिर के पास हुई स्वर्णाभूषण व नकदी लूट की घटना में शामिल एक अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त के कब्जे से अवैध पिस्टल, कारतूस और लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी श्री हर्ष पाण्डेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष शक्तिनगर कमल नयन दूबे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट की घटना में शामिल एक अभियुक्त हैलीपैड रोड झरना बस्ती मोड़ के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो अभियुक्त ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी।
घायल अभियुक्त की पहचान साजन पुत्र राजन (उम्र लगभग 20 वर्ष) निवासी बस स्टैंड काली मंदिर, शक्तिनगर के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए सीएचसी अनपरा भेजा गया है। मौके से .32 बोर पिस्टल, दो खोखा कारतूस और बड़ी मात्रा में लूटे गए जेवरात बरामद किए गए।
पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि लूट की योजना रोशन के घर पर बनाई गई थी, जिसमें सोनू और रोहित भी शामिल थे। घटना के बाद अन्य जिलों में भी लूट की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।पुलिस का कहना है कि मामले में धाराएं बढ़ाकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।













