देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

रक्षा मंत्रालय में भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा

सीबीआई ने लेफ्टिनेंट कर्नल को रिश्वत लेते पकड़ा, घर से 2.36 करोड़ नकद बरामद

नई दिल्ली।रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने दिल्ली स्थित उनके आवास पर छापेमारी के दौरान 2.36 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में उनकी पत्नी कर्नल काजल बाली और एक बिचौलिया विनोद कुमार को भी आरोपी बनाया गया है। तीनों को 23 दिसंबर तक सीबीआई की हिरासत में भेज दिया गया है।

निजी कंपनियों को अवैध फायदा पहुंचाने का आरोप
सीबीआई के मुताबिक, 19 दिसंबर को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि लेफ्टिनेंट कर्नल शर्मा रक्षा उत्पादों के निर्माण और निर्यात से जुड़ी निजी कंपनियों को सरकारी प्रक्रियाओं में अनुचित लाभ दिलाते थे और इसके बदले मोटी रिश्वत लेते थे। बेंगलुरु की एक निजी कंपनी से 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए उनके नेटवर्क का खुलासा हुआ।

दुबई कनेक्शन और बिचौलिये की भूमिका
जांच में यह भी पता चला कि बेंगलुरु निवासी राजीव यादव और रवजीत सिंह दुबई स्थित एक कंपनी के भारत में संचालन का काम देख रहे थे। दोनों आरोपी लेफ्टिनेंट कर्नल शर्मा के संपर्क में थे और सरकारी विभागों से अवैध लाभ लेने की कोशिश कर रहे थे। इसी साजिश के तहत बिचौलिया विनोद कुमार ने 18 दिसंबर को रिश्वत की रकम सौंपी।

कई राज्यों में एकसाथ छापेमारी
सीबीआई ने दिल्ली के अलावा राजस्थान के श्रीगंगानगर, बेंगलुरु और जम्मू समेत कई स्थानों पर छापेमारी की। श्रीगंगानगर में कर्नल काजल बाली के आवास से भी 10 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि यह रक्षा क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई है और आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।

Author

Related Articles

Back to top button