क्राइम न्यूज़देश विदेशब्रेकिंग न्यूज़

दक्षिण अफ्रीका में खून की होली

जोहान्सबर्ग के पास टाउनशिप में अंधाधुंध फायरिंग, 10 की मौत, 10 गंभीर घायल

जोहान्सबर्ग।दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के पास रविवार को हुई अंधाधुंध गोलीबारी ने पूरे देश को दहला दिया। बेक्कर्सडाल टाउनशिप इलाके में हथियारबंद हमलावरों ने सड़क पर चलते लोगों को पीछे से निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हमले में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार हमलावर अचानक मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। कुछ पीड़ित पैदल चल रहे थे, जिन्हें पीछे से गोली मारी गई। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए।

हमले की वजह अब भी रहस्य
गौटेंग प्रांत की पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर ब्रेंडा मुरिडिली ने बताया कि फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है और न ही गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकी है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है कि यह गैंगवार है, व्यक्तिगत रंजिश या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से जुड़ा मामला।

बताया जा रहा है कि घटना एक बार के पास हुई, जहां अवैध रूप से शराब बिकने की जानकारी भी सामने आई है। यह इलाका प्रमुख सोने की खदानों के आसपास स्थित एक गरीब क्षेत्र माना जाता है।

इलाके में पुलिस का सघन अभियान
घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और हमलावरों की तलाश के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। फॉरेंसिक टीमें मौके से सबूत जुटा रही हैं।

गौरतलब है कि दिसंबर में यह दक्षिण अफ्रीका की दूसरी बड़ी सामूहिक गोलीबारी है। इससे पहले 6 दिसंबर को प्रिटोरिया के पास एक हॉस्टल में हुए हमले में तीन साल के बच्चे समेत 12 लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने देश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button