देश विदेशब्रेकिंग न्यूज़

एच-1बी वीजा संकट: भारत में फंसे हजारों प्रोफेशनल

अचानक रद्द हुए अमेरिकी दूतावास के अपॉइंटमेंट, गूगल ने कर्मचारियों को यात्रा से रोका

नई दिल्ली।दिसंबर में वर्क परमिट नवीनीकरण और छुट्टियों के लिए भारत आए हजारों एच-1बी वीजा धारक इस समय गंभीर संकट में फंस गए हैं। अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावासों ने बिना पूर्व सूचना बड़ी संख्या में वीजा अपॉइंटमेंट रद्द कर दिए हैं। 15 से 26 दिसंबर के बीच जिन भारतीय पेशेवरों के साक्षात्कार तय थे, उन्हें अब कई महीनों बाद की नई तारीखें दी जा रही हैं। इससे न केवल उनके करियर पर अनिश्चितता छा गई है, बल्कि अमेरिकी टेक कंपनियों के प्रोजेक्ट्स भी प्रभावित होने लगे हैं।

इस बीच दिग्गज टेक कंपनी **गूगल** ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अपने कर्मचारियों के लिए आंतरिक मेमो जारी किया है। कंपनी ने एच-1बी वीजा धारकों को अंतरराष्ट्रीय यात्रा से बचने की सख्त सलाह दी है। गूगल का मानना है कि मौजूदा हालात में अमेरिका से बाहर फंसे रहने का जोखिम काफी बढ़ गया है। उल्लेखनीय है कि गूगल हर साल करीब एक हजार एच-1बी पेशेवरों को नियुक्त करता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, अपॉइंटमेंट रद्द होने के पीछे अमेरिका की नई और सख्त वीजा जांच नीति बड़ी वजह है। अब आवेदकों की सोशल मीडिया गतिविधियों और ऑनलाइन मौजूदगी की गहन समीक्षा की जा रही है। इसे मौजूदा अमेरिकी प्रशासन की कड़ी आव्रजन नीति का हिस्सा माना जा रहा है।

गौरतलब है कि एच-1बी वीजा धारकों में 70 प्रतिशत से अधिक भारतीय हैं। अचानक लिए गए इन फैसलों ने हजारों परिवारों के भविष्य को अधर में लटका दिया है, जिसे इमिग्रेशन वकील अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक अव्यवस्था बता रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button