उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही एयर इंडिया की फ्लाइट वापस बुलाई गयी, सभी यात्री सुरक्षित

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआई-887 को सोमवार सुबह तकनीकी खराबी के चलते उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद वापस दिल्ली बुला लिया गया। एहतियात के तौर पर विमान की आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, विमान ने तय समय पर दिल्ली एयरपोर्ट से टेकऑफ किया था, लेकिन उड़ान के दौरान कॉकपिट में तकनीकी खराबी के संकेत मिलने पर पायलट ने सतर्कता बरतते हुए विमान को वापस दिल्ली लाने का निर्णय लिया।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। तकनीकी कारणों से फ्लाइट को बीच रास्ते से लौटाया गया और विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
फिलहाल विमान की तकनीकी जांच की जा रही है और यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।













