माता वैष्णव देवी यात्रा नियमों में बड़ा बदलाव, 10 घंटे में यात्रा शुरू और 24 घंटे में पूरी करना अनिवार्य

नई दिल्ली। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने माता वैष्णो देवी यात्रा को लेकर नियमों में अहम बदलाव किए हैं। नए आदेशों के अनुसार, यात्रा पंजीकरण के साथ आरएफआईडी यात्रा कार्ड प्राप्त करने के बाद श्रद्धालुओं को 10 घंटे के भीतर यात्रा शुरू करना अनिवार्य होगा। वहीं, 24 घंटे के भीतर यात्रा पूरी कर आधार शिविर कटड़ा लौटना भी जरूरी कर दिया गया है।श्राइन बोर्ड द्वारा जारी ये निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। इससे पहले आरएफआईडी यात्रा कार्ड की वैधता 12 घंटे थी और यात्रा पूरी करने की कोई समय-सीमा निर्धारित नहीं थी।
नववर्ष पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए फैसला
श्राइन बोर्ड ने बताया कि नववर्ष के दौरान माता वैष्णो देवी धाम में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ती है। हर साल नए साल से तीन-चार दिन पहले भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में भवन परिसर और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भीड़ नियंत्रण और भगदड़ जैसी घटनाओं से बचाव के लिए ये नए नियम लागू किए गए हैं।
सभी श्रद्धालुओं पर समान रूप से लागू
ये नए नियम पैदल, हेलीकॉप्टर, बैटरी कार या किसी भी माध्यम से यात्रा करने वाले सभी श्रद्धालुओं पर समान रूप से लागू होंगे। श्राइन बोर्ड ने पंजीकरण केंद्रों पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे लगातार इन नियमों की जानकारी श्रद्धालुओं तक पहुंचाएं।
सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता
श्राइन बोर्ड प्रशासन के अनुसार, इन नियमों का मुख्य उद्देश्य यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाना है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।













