5वीं–8वीं की बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से, एक ही पाली में होंगे पेपर

जबलपुर। मध्य प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 5वीं एवं 8वीं की बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी 2025 से प्रारंभ होंगी। कक्षा 5वीं की परीक्षाएं 26 फरवरी तक, जबकि कक्षा 8वीं की परीक्षाएं 28 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं दोपहर 2:00 बजे से 4:30 बजे तक एक ही पाली में संपन्न होंगी।
परीक्षा पैटर्न के अनुसार प्रत्येक विषय का मुख्य प्रश्न पत्र 60 अंकों का होगा। इसके अतिरिक्त 20 अंक आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के लिए तथा शेष 20 अंक तिमाही और छमाही परीक्षाओं के प्रदर्शन (अधिभार) के आधार पर दिए जाएंगे। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आंतरिक मूल्यांकन एवं छमाही परीक्षा का डेटा जनवरी माह तक पोर्टल पर अपडेट करें। ऑनलाइन अंक प्रविष्टि की अंतिम तिथि 5 फरवरी निर्धारित की गई है।
परीक्षा केंद्र और पाठ्यक्रम व्यवस्था
राज्य शिक्षा केंद्र ने स्पष्ट किया है कि सरकारी स्कूलों में एससीईआरटी पाठ्यक्रम ही लागू रहेगा। वहीं निजी स्कूलों को विकल्प दिया गया है कि यदि वे एनसीईआरटी की भाषा पुस्तकें पढ़ा रहे हैं, तो उसी आधार पर परीक्षा आयोजित कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित स्कूलों को पोर्टल पर सही विकल्प का चयन करना अनिवार्य होगा।
डीपीसी को सख्त निर्देश
परीक्षा के सफल और सुव्यवस्थित संचालन के लिए बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया है। विभाग ने सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर छात्र जमीन पर बैठकर परीक्षा नहीं देंगे। प्रदेश के लगभग 67 हजार स्कूलों में फर्नीचर की कमी को देखते हुए जिला परियोजना समन्वयकों (डीपीसी) को केवल उन्हीं स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाने के निर्देश दिए गए हैं, जहां टेबल-कुर्सी की पर्याप्त व्यवस्था हो।
इसके साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।













